पंजाब में धुंध का अलर्ट, 18 जिले चपेट में, चंडीगढ़ रेड जोन में आया, पंजाब के तापमान में गिरावट दर्ज
पंजाब के 18 जिलों में धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव जरूर आया है। रात के तापमान में गिरावट भी आई है यहां तक कि दिन के मौसम में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। लेकिन बारिश ना होने के कारण पंजाब, चंडीगढ़ में धुंध बनी हुई है। मौसम विभाग ने पंजाब के 18 जिलों में धुंध का अलर्ट जारी किया है।
आपको बता दें कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर पर एक्टिव हुआ साइक्लोन शांत हो चुका है। लेकिन एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर से एक्टिव हुआ है। इसी कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों पर बर्फबारी की संभावनाएं भी बन रही हैं। और अगर ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होती है तो उसका असर जाहिर है कि मैदानी इलाकों यानी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ पर जरूर पड़ेगा और मौसम में और ज्यादा ठंडक आएगी।
पंजाब-चंडीगढ़ की हवाएं करीब दो महीने से खराब के स्तर पर हैं। जिसकी वजह से लोगों की सेहत पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि आने वाले एक हफ्ते तक बारिश होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। वहीं चंडीगढ़ का एक्यूआई 369 दर्ज किया गया, हालांकि यह बीते दिनों दर्ज किए 475 से जरूर कम हुआ है। बात पंजाब की करें तो यहां भी एक्यूआई ज्यादा है, लेकिन चंडीगढ़ के मुकाबले ये कम है। अमृतसर में 249 एक्यूआई दर्ज किया गया, वहीं मंडी गोबिंदगढ़ में 205, बाकी जिलों में 200 से कम एक्यूआई ही दर्ज किया गया है।
बात उन 18 जिलों की करें जिनमें आज और कल के लिए धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। वो जिले हैं-अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिडां, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, एसएएस नगर और मलेरकोटला।